राजस्थान के भरतपुर जिले की कामां थाना पुलिस ने रविवार रात गश्त के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरसद मेव पुत्र पप्पू (21) और पप्पू मेव पुत्र मोहम्मद मेव (52) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से सात लाख 95 हजार 500 रुपये और 4 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सेक्स चैट करके लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और फिर ब्लैकमेल कर उनसे रुपये ठगते थे।
एसपी श्याम सिंह ने बताया कि रविवार को हेड कांस्टेबल राधेश्याम टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान चौकी धिलावटी पर पुलिस टीम ने एक हरियाणा नंबर की संदिग्ध बोलेरो टैक्सी को रोका, जिसमें दो-तीन व्यक्ति बैठे हुए थे।
बोलेरो चालक ने पूछताछ में बताया कि उसके गांव टायरा के सारूप मेव ने इन दोनों को भाड़े पर अलीगढ़ उत्तर प्रदेश छोड़ने के लिए भिजवाया है। इस दौरान गाड़ी में बैठे अरशद मेव और पप्पू मेव की तलाशी ली गई तो उनके पास से 7 लाख 95 हजार 500 रुपये नगद, 4 मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए गए।
आरोपियों के पास मिले मोबाइल में व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट पर एक लड़की की डीपी लगी हुई है। जिसके जरिए ये अश्लील वीडियो और सेक्स चैट कर वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी देकर लोगों से ठगी करते थे। पुलिस आरोपियों से अब तक की गई ठगी के संबंध में पूछताछ कर रही है।