चोरी हुईं मूर्तियां पुलिस ने की बरामद।
- फोटो : सोशल मीडिया
सवाईमाधोपुर की बामनवास थाना पुलिस ने चोरी गई सभी मूर्तियां और सिंहासन बरामद कर मूर्ति चोर लव-कुश उर्फ लब्बू मीणा (24 साल) निवासी पट्टी खुर्द और मूर्ति चोरी के खरीदार कबाड़ी कलाम खान (37 साल) निवासी मण्डावरी जिला दौसा हाल दरवाजा चौक पट्टी कला थाना बामनवास को गिरफ्तार किया है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 18 मार्च की सुबह मंदिर के पुजारी मुरारी लाल शर्मा ने बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा ठाकुर जी के मंदिर से अष्टधातु पीतल की 4 मूर्तियां और सिंहासन चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट थाना बामनवास पर दर्ज कराई गई थी।
मंदिर के प्रति स्थानीय लोगों की गहरी आस्था
मंदिर के प्रति स्थानीय लोगों की गहरी आस्था जुड़ी होने के कारण मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी प्रकाश चंद और सीओ तेज कुमार पाठक के सुपरविजन , थानाधिकारी मनीष शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मंदिर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया। टेक्निकल सबूत और इंफॉर्मेशन इकट्ठा किए।
इसमें घटना किसी नशेड़ी द्वारा किया जाना सामने आने पर नशेडियों और चालनशुदा बदमाशों से पूछताछ की गई। कांस्टेबल महेंद्र जाखड़ और कमलेश कुमार ने सूचना के आधार पर संदिग्ध लवकुश उर्फ लब्बू को दस्तयाब कर थाने लाकर पूछताछ की, तो उसने मन्दिर में चोरी करना स्वीकार लिया।
स्मैक के नशे के आदि लवकुश मीणा ने मूर्तियां चुराकर महज़ 600 रुपए में कबाड़ी को बेचीं
स्मैक के नशे के आदि लव कुश ने मूर्तियां चुराने के बाद कबाड़ी वाले कलाम खान को 600 रुपये में बेचना बताया। सूचना पर कबाड़ी कलाम खान को डिटेन कर उसके पास से चोरी की अष्ट धातु की चारों मूर्तियां और सिंहासन बरामद किया गया। इस कार्रवाई में एसएचओ मनीष शर्मा और कांस्टेबल महेंद्र जाखड़ और कमलेश की विशेष भूमिका रही है।