राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी आप
- फोटो : Amar Ujala Digital
पंजाब विधानसभा चुनावों में अपनी शानदार जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी अब राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में तीसरे मोर्चे की पार्टी बन सकती है। 'आप' अब राजस्थान पर ध्यान केंद्रित कर रही है। अब पार्टी जयपुर में दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। जिससे राज्य में संगठन को मजबूत किया जा सके।
आम आदमी पार्टी का ये सम्मेलन 26-27 मार्च को आयोजित किया जाएगा। जिसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह कार्यक्रम के दौरान पार्टी की कल्याणकारी नीतियां लोगों के सामने रखेंगे।
सभी कार्यकर्ता लेंगे हिस्सा
पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि सम्मेलन के दौरान द्वारका से आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के बेटे विनय मिश्रा को राजस्थान की जिम्मेदारी दी जा सकती है। आप के राज्य सह प्रभारी खेमचंद जागीरदार ने बताया कि पार्टी दो दिवसीय सम्मेलन 'विजय उत्सव' आयोजित करने जा रही है और राजस्थान में संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता इसमें हिस्सा लेंगे।
जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम की होगी घोषणा
जागीरदार ने कहा कि पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। राजस्थान पंजाब का पड़ोसी राज्य है और नई दिल्ली के करीब है। इसलिए राज्य में संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी दो दिवसीय सम्मेलन कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही राजस्थान में अपने प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य में लोगों को मुख्यधारा के राजनीतिक दलों का विकल्प देने के लिए जल्द ही सदस्यता अभियान भी चलाएगी।
बता दें कि 2018 के राजस्थान विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी ने 200 सीटों पर 142 उम्मीदवार खड़े किए थे लेकिन पार्टी एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी थी।