गेहूं के खेत में अवैध अफीम के पौधे
- फोटो : Amar Ujala Digital
बेगू क्षेत्र के एक खेत में गेहूं की खेती की आड़ में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने अवैध अफीम की खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बेगू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से 440 अवैध अफीम के पौधे बरामद किए हैं। मामला बेगू क्षेत्र के रायती से गुलाना जाने वाले मार्ग पर ब्राह्मणी नदी के पास का है।
पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि थाना अधिकारी बेगू भगवान लाल पुलिस निरीक्षक अपनी टीम के साथ रात को रायती से गुलाना की तरफ गश्त कर रहे थे। इस दौरान रात में ब्राह्मणी नदी से पहले गेहूं के खेत में एक व्यक्ति पानी की पिलाई कर रहा था। जब पुलिस उसके पास पहुंची तो वहां से भागने लगा। इस पर टीम के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने के बाद उसकी और खेत की जांच की गई तो पता चला कि खेत में गेहूं की फसल व बरसी की फसल के बीच बनी डोली पर अवैध अफीम बोई गई हुई थी।
जब्त किए पौधे
अफीम के पौधे हरे हो चुके थे। उन पर सफेद फूल आने लग गए थे। कुछ पर डोडे भी आ चुके थे। गेहूं की फसल के बीच भी अफीम के पौधे मिले। अफीम की खेती अवैध होने से 440 पौधों को जड़ सहित उखाड़ कर जब्त कर आरोपी गुलाना थाना बेगू निवासी 65 वर्षीय भवानीशंकर को गिरफ्तार किया गया है।