धौलपुर में रविवार शाम को परौआ गांव में पशुओं के लिए चारा लेने गए 18 साल के युवक की खेत में पड़े हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बसई नवाब सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
18 वर्षीय छोटू पुत्र हरी सिंह निवासी गांव परौआ रविवार शाम को पशुओं के लिए खेतों पर चारा लेने गया था। माइनर के पास खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा हुआ पड़ा था। छोटू का पैर तार से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के किसान शोर सुनकर मौके पर पहुंच गए। बिजली घर से सट डाउन लेकर विद्युत सप्लाई को बंद कराया गया।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजन चीख-पुकार करने लगे। युवक की मौत से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना कौलारी थाना पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर बसई नवाब सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया है। कौलारी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह मीणा ने बताया सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने बताया करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
विद्युत निगम के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश
18 वर्षीय जवान युवक की मौत होने से गांव में सन्नाटा पसर गया है। परिजन एवं ग्रामीणों में विद्युत निगम के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय पंचायत के सरपंच जवाहर सिंह कुशवाह ने बताया विद्युत निगम की लापरवाही की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। गांव की आबादी और खेतों में हाईटेंशन लाइन के जर्जर और अवधिपार तार कभी भी टूट कर गिर पड़ते हैं, जिसकी बदौलत बड़े-बड़े हादसे घटित हो रहे हैं।