राजस्थान के बारां में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात का खुलासा उस वक्त हुआ, जब एक ईंट भट्ठे से बदबू आने लगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक का शव बरामद हुआ। यह युवक सात दिन पहले लापता हो गया था। लाश मिलने के बाद उसकी हत्या का खुलासा हुआ। युवक के भाई ने अपनी भाभी और एक ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
जानकारी के मुताबिक, बारां जिले के समसपुर में एक ईंट भट्ठा है। यहां रोजाना मजदूर काम करते हैं। उन्हें कई दिन से भट्ठे से बदबू आ रही थी, लेकिन सुबह के वक्त हालात काफी ज्यादा खराब हो गए। बदबू के मारे भट्ठे के पास जाना दुश्वार हो गया तो उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इसके बाद भट्ठे में लगी कच्ची ईंटों के बीच से युवक का शव बरामद किया गया।
7 दिन पहले लापता हुआ था युवक
भट्ठे में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इस दौरान लोगों ने युवक की शिनाख्त सात दिन पहले लापता हुए भट्टा श्रमिक के रूप में की। बताया जा रहा है कि युवक के लापता होने की जानकारी संबंधित थाने में भी दी गई थी। युवक की पहचान खेड़ली भैंडोलिया निवासी महेंद्र मीणा के रूप में हुई। उसके भाई भरत मीणा ने बताया कि 21 नवंबर को ठेकेदार राकेश मेघवाल उसके बड़े भाई महेंद्र और भाभी कांतिबाई को लेकर ईंट भट्टे पर आया था। 22 नवंबर को भाभी ने फोन करके बताया कि महेंद्र और उसका झगड़ा हो गया, जिसके बाद महेंद्र 500 रुपये लेकर कहीं चला गया।
25 नवंबर को दी थी शिकायत
भाई के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद भरत ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने 25 नवंबर को कोतवाली में भाई के गुमशुदा होने की तहरीर दी। भरत का आरोप है कि उसकी भाभी कांतिबाई और ठेकेदार राकेश मेघवाल ने महेंद्र की हत्या की है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।