जानकारी के अनुसार श्यामपुरा गांव में सांवरिया कंस्ट्रक्शन कंपनी के क्रेशर प्लांट पर काम करने के दौरान मजदूर सोनू गुर्जर (26) पुत्र रेवता राम गुर्जर निवासी चांदमा थाना फूलियाकलां जिला भीलवाड़ा बुधवार को लोडर की चपेट में आने से गंभीर घायल हो गया।
क्रेशर प्लांट में काम करने वाले लोग मजदूर को घायल अवस्था में राजकीय जिला अस्पताल केकड़ी लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
गुरुवार सुबह क्रेशर प्लांट मालिक पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। राजकीय जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग भी एकत्रित हो गए। गुर्जर नेता विजय बैंसला के केकड़ी जिला अस्पताल आने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया।
हालांकि वे नहीं आये, मगर एहतियातन के तौर पर केकड़ी सिटी व सदर पुलिस थाने का जाप्ता जिला अस्पताल में तैनात किया गया। इस बीच मौके पर पहुंचे पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा ने गुर्जर समाज के लोगों व मृतक के परिजनों से बातचीत कर समझाइश की, तब जाकर मामला शांत हो सका।
पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा ने बताया कि परिजनों व समाज के लोगों की मांग पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है। सदर थाना पुलिस ने दोपहर को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि मृतक सोनू गुर्जर सांवरिया क्रेशर प्लांट पर मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। मृतक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मृतक के परिवार में एक छोटा भाई व मां है। मृतक अविवाहित था। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।