जयपुर/एजेंसी। राजस्थान ग्राम सेवक संघ ने आज 11 सूत्री मांगों को लेकर शहीद स्मारक से स्टेच्यू सर्किल तक रैली निकाली।
ग्रामसेवक आज शहीद स्मारक से रवाना होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते स्टेच्यू सर्किल पर पहुंचे तथा महापडाव डाला। संघ के नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगे नहीं मानी गई तो तीन जुलाई से राज्यव्यापी सविनय अवज्ञा आंदोलन शुरू किया जायेगा।
संघ के महामंत्री सोहनलाल डाटा ने बताया कि सरकार के समक्ष 6 मई को ज्ञापन भेजा गया था जिस पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं आया। उन्होंने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण निदेशालय नरेगा द्वारा गठित आन्तरिक अंकेक्षण दल द्वारा ग्रामसेवकों, सरपंचों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाही से ग्रामसेवकों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि 11 सूत्री मांगों में विशेष कार्य भत्ता स्वीकृत करने, राजनीतिक कारणों से ग्रामसेवकों का जिले से बाहर स्थानान्तरण नहीं करने, बार.बार प्रताडित करने वाले विकास अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाही करने, वेतन विसंगति समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग शामिल है।