अलवर जिले के राजगढ़ में 300 साल पुराने शिव मंदिर को तोड़ने पर विवाद।
- फोटो : अमर उजाला
अलवर जिले के राजगढ़ में 300 साल पुराने शिव मंदिर पर बुलडोजर चलाने का विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहीं हैं। इसी बीच जयपुर के रहने वाले एक व्यक्ति ने राजगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है।
जयपुर के शिप्रापथ थाने में यह एफआईआर ऑनलाइन दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता विनय प्रताप सिंह भोपर ने राजगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष सतीश दुहारिया और राजगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्येन्द्र सैनी पर षड्यंत्र के तहत मंदिर गिराने का आरोप लगाया है।
उसने अपनी शिकायत में कहा कि मंदिर तोड़ने का प्रस्ताव भाजपा नेताओं ने ही पास किया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही इनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप
कांग्रेस ने भी मंदिर तोड़ने का आरोप राजगढ़ के भाजपा बोर्ड पर लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि यहां की नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड है। इसमें 34 सदस्य भाजपा और एक सदस्य कांग्रेस का है। पिछले साल नगरपालिका की बैठक में अतिक्रमण हटाए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया था। इसके बाद 17-18 अप्रैल को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। वहीं नगर पालिका बोर्ड का कहना है कि प्रशासनिक स्तर पर यह कार्रवाई की गई है।