जयपुर के भीलवाड़ा जिले के कारोई थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में दूषित पोषाहार के सेवन से करीब 30 स्कूली बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद गंगापुर राजकीय अस्पताल भेजा गया है।
थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि झबरकिया गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की दूषित पोषाहार भोजन के सेवन से तबीयत खराब हो गई थी। सभी बीमार बच्चों को गंगापुर के राजकीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
भीलवाड़ा के उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. घनश्याम चावला ने बताया कि झबरकिया गांव के राजकीय स्कूल के करीब 30 बच्चों ने पोषाहार भोजन में कढ़ी और चावल का सेवन किया था जिसके बाद उन्हें उल्टी की शिकायत हुई।
बच्चों का गंगापुर के राजकीय चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। खाने के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।