सामूहिक विवाह में 27 जोड़ों की निकली बारात
- फोटो : Amar Ujala Digital
बाड़मेर के बालोतरा में ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज ने समाज में फैली कुरीतियों और शादी समारोह में हो रही फिजूलखर्ची रोकने के लिए सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करवाया गया। इसमें एक ही पांडाल में एक साथ 27 जोड़ों ने सात फेरे लेकर जीवन भर एक दूसरे का साथ निभाने का वचन लिया। ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज के इस सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य फिजूलखर्ची और शादी की दावतों में भारी-भरकम खर्च को कम करना और समाज के लोगों पर पड़ रहे आर्थिक भार को कम कर उन्हें राहत देकर एक साथ खुशियों को मिलकर सेलिब्रेट करना रहा।
वर-वधू के परिजनों और रिश्तेदारों के रिसॉर्ट में रुकने की व्यवस्था
ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज ने वर-वधू के रिश्तेदारों और परिवारजनों के ठहरने के लिए उत्तम व्यवस्था करते हुए शहर के एक नामी रिसॉर्ट में उन्हें रुकवाया। विवाह समारोह से पहले शहरभर में एक साथ 27 दूल्हों को घोड़ियों पर बैठाकर बिंदौरी निकाली गई। शहर में इस आयोजन की खासी चर्चा हो रही है।
राज्यभर से खत्री समाज के लोग हुए सामूहिक विवाह समारोह में शामिल
खत्री समाज के इस आयोजन में बालोतरा के साथ-साथ बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर नागौर सहित राज्यभर से और गुजरात समेत देश के कई इलाकों से खत्री समाज के लोग शामिल हुए।
अन्य समाजों से भी ऐसे विवाह समारोह करने की अपील
ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज ने अपने समाज के लोगों के साथ ही अन्य समाज को भी इस तरह के सामूहिक लगन और विवाह समारोह के कार्यक्रम आयोजित करने और अपने बच्चों की शादियां करने की अपील की है, ताकि आने वाले भविष्य में समाज में फैली कुरीतियों को मिटाया जा सके।