दक्षिण पश्चिमी कमान के 16 सैन्यकर्मियों को बहादुरी और कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के लिए शुक्रवार को विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें छह अधिकारी, एक जूनियर कमीशन आफिसर और नौ जवान शामिल हैं। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल अमिताभ शर्मा ने बताया कि एक जवान को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया।
दक्षिण पश्चिमी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आलोक क्लेर ने जवानों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रवक्ता ने बताया कि अलवर में हुए एक समारोह में कुल दस सेना पदक (वीरता), दो सेना पदक (विशिष्ट) और चार विशिष्ट सेवा पदक दिए गए।
इसके अलावा सेना कमांडर ने दक्षिण पश्चिमी कमान की 23 इकाइयों को उनके अनुकरणीय प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किया। सेना कमांडर ने पुरस्कार जीतने वाले सभी जवानों को बधाई दी और उनके परिवार से बातचीत भी की।