राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा इलाके में सोमवार शाम 15 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार नाबालिग पीड़िता अपने दोस्तों के साथ घटना के वक्त मंदिर जा रही थी। इस दौरान तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जबकि किशोरी के दोस्तों को पीटकर भगा दिया। पुलिस ने मामले में लड़की की शिकायत पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि किशोरी ने शिकायत में बताया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ मंदिर जा रही थी तभी उन्हें रास्ते में तीन बदमाशों ने रोक लिया। तीनों नशे में धुत्त थे। आरोपी पीड़िता को सुनसान इलाके में ले गए जहां तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह पीड़िता उनसे बचकर भाग निकली।
शाहपुरा के एसएचओ भजन लाल ने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता के साथ मारपीट भी की। आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए, लेकिन वह मौके से भागने में कामयाब हो गई। उन्होंने कहा कि पीड़िता को भागते हुए कुछ लोगों ने देखा और उसे पहनने के लिए कपड़े दिए। इसके बाद लड़की घर पहुंची और अपनी मां के साथ शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन आई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान नारायण गुज्जर, कैलाश कहाद और राजू कहाद के रूप में हुई है। नारायण की उम्र 40 साल है, जबकि कैलाश और राजू 24-25 साल के हैं। मामला दर्ज होने के बाद पीड़ित लड़की की मेडिकल जांच कराई गई है।
लड़की के चेहरे पर जख्म हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो और आईपीसी की धारा 376-डी (सामूहिक-दुष्कर्म) का मामला दर्ज किया गया है।