राज्य के कल्याण नगर में दसवीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अनुमान है कि पढ़ाई के दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया है। छात्र के कमरे से जहरीली गोलियां मिली हैं और कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
आत्महत्या करने वाला 16 वर्ष की आयु का कमल वर्मा घर में सबसे छोटा था और क्षेत्र के इंडियन कैंब्रिज स्कूल से दसवीं की पढ़ाई कर रहा था। आजकल उसकी परीक्षाएं चल रही थीं और शुक्रवार सुबह उसे विज्ञान विषय की परीक्षा देनी थी। मालूम हो कि चार दिन पहले गलता गेट क्षेत्र में भी छठी कक्षा की छात्रा ने परीक्षा में कम अंक आने के कारण जान दे दी थी।
सुबह करीब 7.30 बजे कमल घरवालों को चाया बनाने के लिए कहकर अपने कमरे में चला गया। 15 मिनट बाद जब परिजनों ने देखा की कमरे का दरवाजा बंद था तो वे कुंडी तोड़कर अंदर घुसे। कमरे में देखा तो कमल की लाश पंखे से लटकी हुई मिली। उसे रामबाग स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अब परिजन और स्कूल एक दूसरे पर आरोप मढ़ रहे हैं। परिजनों ने स्कूल के प्राचार्य व शिक्षकों पर ट्यूशन पढ़ने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ स्कूल के निदेशक बी.एल. शर्मा का कहना है कि कमल ने गुरूवार को गणित की परीक्षा में केवल एक ही सवाल हल किया था। इस पर उसके पिता को स्कूल बुलाया गया। कमल एक महिने से स्कूल में निशुल्क कक्षा में नहीं आ रहा था। उसके बाद वह पिता और बड़े भाई के साथ घर चला गया था।