पंजाब के अबोहर में सीडफार्म में बुधवार दोपहर गांव के स्कूल के बाहर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हुई है। मृतक जम्मू बस्ती का रहने वाला पवन (30) है। यह युवक मानसिक रूप से परेशान था, जिसने बिजली बोर्ड की तरफ से मीटर न लगाए जाने से आहत होकर आत्महत्या की है।
वहीं, मृतक के परिजन बिजली बोर्ड अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना लगा दिया है। मृतक पवन के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बेटे बिजली अधिकारियों के द्वारा परेशान होकर जान दी है।
परिजनों ने बताया कि उनका बेटा मसाले की चक्की लगाना चाहता था, जिसके लिए बिजली मीटर लगावाने के लिए उसने बिजली बोर्ड में 33 हजार रुपये जमा करवाए थे। बिजली विभाग के अधिकारियों ने 25 जुलाई को मीटर लगाने की बात कही थी, लेकिन जब वह मीटर लगाने नहीं आए तो वह परेशान रहने लगा।
पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास
परिजनों ने बताया कि 27 जुलाई को भी पवन ने नहर पर जाकर डिप्रेशन में आत्महत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन पता चलने पर घर वालों ने उसे बचा लिया और बुधवार को उसका शव सीडफार्म में स्कूल के निकट मिला। परिजन बिजली विभाग अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
इधर, थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर उक्त युवक संदिग्ध हालत में मृत मिला था। युवक के आत्महत्या किए जाने का कोई सुराग नही मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। अगर युवक ने आत्महत्या की है तो परिजनों के बयानों पर बनती कार्रवाई की जाएगी।