गांव मेहमोवाल में शनिवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते गांव के पांच युवकों ने गांव के ही एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। मेहटियाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार परउपकार सिंह (37) पुत्र तरसेम सिंह निवासी मेहमोवाल अपने घर से गांव में ही बनी अपनी हवेली में जा रहा था। जब वह अपने घर के पास चौराहे पर पहुंचा तो गांव के पांच युवकों ने अन्य 15 दोस्तों की मदद से उस पर हमला कर दिया। परउपकार सिंह ने शोर मचा दिया। उसका शोर सुन उसका बड़ा भाई कुलदेव सिंह और मंजीत सिंह वहां पहुंचे लेकिन तब तक सभी आरोपी भाग गए।
कुलदेव सिंह ने बताया कि वे अपने भाई को होशियारपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में लाए, जहां डाक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। कुलदेव सिंह और मंजीत सिंह ने बताया कि गांव के ढेर पर कूड़ा फेंकने को लेकर उक्त आरोपी उनसे जानबूझ कर झगड़ा करते थे लेकिन वे तो ढेर पर कूड़ा फेंकते ही नहीं थे।
इसके अलावा उनका गांव के एनआरआई लोगों से बढ़िया प्रेम प्यार हो गया था और एनआरआई गांव की बेहतरी के काम उन्हें साथ लेकर करना चाहते थे लेकिन आरोपी ये नहीं चाहते थे जिसको वे उनसे खार खाते थे। इसी के कारण उन्होंने उनके सबसे छोटे भाई परउपकार सिंह पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह पीटा।
कुलदेव सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों परउपकार सिंह पारा, गुरविंदर सिंह पिंटू, संदीप सिंह सीपू, इंदरजीत विक्की और तरलोचन सिंह के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।