पंजाब में विजिलेंस ब्यूरो ने सोमवार को फरीदकोट के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों को आय से संपत्ति बनाने के मामले में तलब किया। इस दौरान विजिलेंस के अधिकारियों द्वारा कुशलदीप सिंह ढिल्लों से लगभग एक घंटे तक पूछताछ की गई और उनके द्वारा बनाई गई जायदाद का ब्यौरा मांगा।
गौरतलब है कि विजिलेंस द्वारा यह कार्रवाई उन्हें मिली एक शिकायत के आधार पर की गई है और इस मामले में पहले विजिलेंस द्वारा अपने स्तर पर सबूत जुटाए गए थे और उसके पश्चात आज कुशलदीप सिंह ढिल्लों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। लगभग एक घंटे हुई पूछताछ के पश्चात बात करते हुए कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों ने कहा कि वे आयकर अदा करते हैं और उनकी पूरी जायदाद आन रिकॉर्ड है।
इसके अतिरिक्त वे चुनाव लड़ते रहे हैं और उस दौरान भी उनके द्वारा अपनी पूरी जायदाद का ब्यौरा एफिडेविट देकर घोषित किया हुआ है। इसलिए उनकी कोई भी जायदाद न ही बेनामी है और न ही छिपी हुई है। उन्होंने कहा कि वे विजिलेंस को पूरा सहयोग करेंगे और उनके द्वारा जो भी रिकॉर्ड मांगा गया है वह उनके वकील विजिलेंस को शीघ्र ही मुहैया करवा देंगे।
उन्होंने कांग्रेसी नेताओं की लगातार हो रही विजिलेंस जांच पर बात करते हुए कहा कि जांच होना गलत नहीं है लेकिन जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। जांच किसी भी तरह की राजनीतिक विराेधता या बदले की भावना से नहीं होनी चाहिए। उधर, इस संबंध में डीएसपी विजिलेंस जसविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें मिली एक शिकायत के आधार पर कुशलदीप सिंह ढिल्लों को तलब किया गया था।
यह शिकायत आय से अधिक आमदन व बेनामी संपत्ति बनाने को लेकर है। आज उनसे पूछताछ करने के साथ-साथ कुछ रिकॉर्ड मांगा गया है। यह रिकॉर्ड जब वे जमा करवा देंगे तो आगे कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आप और शिअद ने जांच का किया स्वागत
पूर्व कांग्रेस विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों के खिलाफ विजिलेंस की जांच का आम आदमी पार्टी व अकाली दल ने स्वागत किया है। फरीदकोट से आप विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि मान सरकार राज्य भर में भ्रष्टाचारियों पर नकेल कस रही है।
अकाली दल के महासचिव परमबंस सिंह बंटी रोमाना ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए पांच साल के दौरान पूर्व विधायक ढिल्लों ने करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति बनाई है। सिर्फ कुर्सी पर बिठाकर पूछताछ करने से कुछ नहीं होगा। उन्हें गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की जानी चाहिए।