पुलिस ने एसएसपी डॉ. सुरिंदर कालिया की गाड़ी को टक्कर मारने वाले ट्राले को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक की पहचान हरजीत सिंह पुत्र चन्नण सिंह निवासी लखोके बहराम जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है।
एसपी डिटेक्टिव कुलवंत सिंह हीर ने बताया कि हादसे के संबंध में इंदौरा पुलिस ने 279, 337, 304ए, 201 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि ट्राला चालक को गिरफ्तार करने जिला पठानकोट, गुरदासपुर और हिमाचल की पुलिस ने संयुक्त आपरेशन चलाया था। ट्राले को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में चालक हरजीत ने बताया कि जब पुलिस की कार उसके ट्राले को क्रास करने लगी तो कार का हार्न बजने से वह उसकी बत्ती देखकर घबरा गया। घबराहट में ही उसने ट्राला कंडेक्टर साइड को मोड़ दिया जिससे यह हादसा हो गया। हादसे के बाद वह वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मालूम हो कि गांव मीलवां थाना इंदोरा जिला कांगड़ा के पास रविवार दोपहर को एसएसपी की गाड़ी को एक ट्राले ने साइड मार दी थी। इससे एसएसपी की गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पेड़ से जा टकराई।
हादसे में गाड़ी में सवार पत्रकार की मौत हो गई जबकि एसएसपी, उनका ड्राइवर और गनमैन घायल हो गए थे। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां से रविवार देर शाम एसएसपी को मोहाली के फोर्टीस अस्पताल रेफर कर दिया गया।