अमृतसर में धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं
अमृतसर के कई स्कूलों को वीरवार को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। ईमेल सामने आते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस की ओर से स्कूल परिसरों की गहन जांच की गई। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल जांच जारी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीसीपी विजय आलम सिंह ने बताया कि स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना के बाद तुरंत पुलिस टीमों को मौके पर भेजा गया था। सभी स्कूल परिसरों की जांच की गई है और फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
डीसीपी ने बताया कि इससे पहले भी कई स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक जगहों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। उस संबंधी पश्चिम बंगाल से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है और उन दोनों से जांच जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने अभिवावकों ओर बच्चों से अपील कर कहा कि वह बिल्कुल भी घबराए नहीं। पुलिस सुरक्षा में तैनात है।