आम आदमी पार्टी के चुनावी वादों पर तंज कसते हुए पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब की जनता को एक मौका देने के नाम पर ठगा गया है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोगों को यह कहकर लूटा गया कि उन्हें अरविंद केजरीवाल को एक मौका देना चाहिए।
पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य की भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। फाजिल्का में जलभराव और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति को लेकर उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। जाखड़ ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर सिर्फ राजनीति कर रही है।
विज्ञापन
नालियों और पानी की हालत बहुत खराब
सुनील जाखड़ ने फाजिल्का के जमीनी हालात का जिक्र करते हुए कहा, "यहाँ नालियों और पानी की हालत बेहद खराब है। फाजिल्का के लोगों के लिए पीने और खेती के लिए नहर का पानी ही एकमात्र जरिया है, लेकिन सरकार साफ-सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार कर रही है।" उन्होंने कहा कि जलस्तर बढ़ गया है, लेकिन नालियों की सफाई का काम सिरे से नदारद है।
13,000 करोड़ का हिसाब दे भगवंत मान सरकार
केंद्र सरकार द्वारा दी गई आर्थिक मदद का हवाला देते हुए जाखड़ ने राज्य सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब पंजाब में बाढ़ आई थी, तो केंद्र सरकार ने नालियों की सफाई और राहत कार्यों के लिए 13,000 करोड़ रुपये दिए थे। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज तक उन 13,000 करोड़ रुपयों का हिसाब नहीं दे पाए हैं।
विज्ञापन
केजरीवाल को मौका देने के नाम पर लूटा गया पंजाब
आम आदमी पार्टी के चुनावी वादों पर तंज कसते हुए पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब की जनता को एक मौका देने के नाम पर ठगा गया है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोगों को यह कहकर लूटा गया कि उन्हें अरविंद केजरीवाल को एक मौका देना चाहिए।
ईडी करे जवाब-तलब, वरना जनता लेगी हिसाब
जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को चेतावनी देते हुए कहा कि अच्छा होगा अगर प्रवर्तन निदेशालय इनसे जवाब-तलब करे। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो आने वाले समय में पंजाब के लोग खुद इनसे एक-एक पैसे का हिसाब लेंगे।