जाली दस्तावेज के आधार पर नौकरी देने की आरोपी सीडीपीओ को सुनाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया है कि महिला अधिकारी बुढलाडा (मानसा) अदालत से पेशी भुगतकर लौट रही थीं। पुलिस ने सीडीपीओ को अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। बता दें कि सुनाम की तत्कालीन सीडीपीओ अनीता रानी फिलहाल मानसा जिले के झुनीर में इसी पद पर तैनात हैं।
सुनाम में सीडीपीओ पद पर तैनात उक्त अधिकारी ने वर्ष 2009 में आंगनबाड़ी वर्करों व हेल्परों की भर्ती की थी। वर्कर पद के लिए आवेदन देने वाली पीड़ित किरणजीत कौर ने तब शिकायत की थी कि इसकी मेरिट को दरकिनार करके जाली प्रमाण पत्रों को आधार बनाकर कंवलजीत कौर को नौकरी पर रख लिया गया।
चार साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 11 जुलाई 2013 को सुनाम सिटी पुलिस ने उक्त सीडीपीओ व कंवलजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। आरोपियों की अग्रिम जमानत सेशन व हाईकोर्ट ने रद्द कर दी थीं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीड़ित के पति काका सिंह ने यहां की अखिल भारतीय मानवाधिकार संस्था से गुहार लगाई थी।
एसएचओ सिटी सतनाम सिंह ने कहा कि सीडीपीओ को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से रिमांड हासिल करके आगे की जांच की जा रही है। उधर, सीडीपीओ का कहना है कि उनपर लगे आरोप बेबुनियाद हैं। उन्हें किसी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।