पंजाब के बरनाला में सरकारी महिला आईटीआई के खराब प्रबंधन के चलते पूरे संस्थान में गंदगी के ढेर से परेशान हो छात्राओं ने रोष प्रदर्शन किया। छात्राओ ने प्रिंसिपल और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने आईटीआई में खराब सफाई व्यवस्था और सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया। क्लासरूम, टॉयलेट और स्टोर रूम में कबाड़ और गंदगी के ढेर लगे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्राओं ने बताया कि वे पिछले डेढ़ साल से आईटीआई में पढ़ रही हैं। यहां उन्हें पिछले काफी समय से सफाई और समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या सफाई की है। यहां गेट से लेकर बाथरूम, कमरे और लैब तक गंदगी की भरमार है। यहां तक कि आवारा पशुओं का मल भी साफ नहीं किया जा रहा है। प्रतिदिन कक्षा की सफाई खुद करते हैं।
छात्राओं ने कहा कि संस्थान में पीयून या सफाई कर्मचारी नहीं है, जो सफाई का ध्यान रख सके। इसके अलावा आईटीआई में पढ़ाई के लिए अगर कोई मशीन खराब हो जाती है तो उसकी मरम्मत नहीं की जाती। इसके कारण पढ़ाई में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस बारे में आईटीआई प्रिंसिपल को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन उन्होंने समस्या का समाधान नहीं किया। इसके चलते परेशान होकर आईटीआई के गेट पर धरना देना पड़ रहा है। सरकार व जिला प्रशासन इन कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें ताकि उनकी पढ़ाई में कोई दिक्कत न आए।
प्रिंसिपल सरबजीत कौर ने कहा कि संस्था में साफ-सफाई न होने के कारण बच्चों ने विरोध प्रदर्शन किया है। संस्थान में एक साल से कोई सफाई कर्मचारी नहीं है। वे अपने स्तर पर सफाई की व्यवस्था कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने स्वच्छता के बारे में भी बात की थी, जिसके लिए उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया है। कई बार विभाग के मुख्यालय और डीसी बरनाला को पत्र लिखकर सफाई कर्मचारी की मांग कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सफाई कर्मचारी नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द उन्हें सफाई कर्मचारी भेजा जाए ताकि समस्या का समाधान हो सके।