गुरदासपुर जिले के ब्लॉक काहनूवान के गांव झंडा लुबाना में 15 वर्षीय छात्र नवजोत सिंह ने स्कूल में दी गई सजा से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक नवजोत सिंह दसूहा स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाई करता था। 27 अप्रैल को स्कूल प्रशासन ने उसे किसी मामूली गलती के चलते कठोर सजा दी। आरोप है कि छात्र को दो पीरियड तक तेज धूप में खड़ा रखा गया। इस सजा से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। 15 साल के छात्र की गलती इतनी थी कि वह पहली मंजिल पर चला गया था। एक अध्यापिका ने उसे देख लिया और बात प्रिंसिपल तक पहुंच गई।
इसके बाद प्रिंसिपल ने उसे सजा के रूप में धूप में खड़ा रहने को कहा। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद नवजोत ने घर लौटकर जहरीली दवाई निगल ली। उसकी हालत बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चलता रहा। परिवार और चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और अंततः उसकी मौत हो गई।