जम्मू-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीलवां के पास रविवार दोपहर करीब एक बजे ट्राले ने एसएसपी पठानकोट डॉ. सुरिंदर कुमार कालिया की सरकारी इनोवा गाड़ी को साइड मार दी।
इससे इनोवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में इनोवा में सवार जालंधर से प्रकाशित अंग्रेजी अखबार के पत्रकार जसदीप सिंह मल्होत्रा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एसएसपी डॉ. कालिया समेत उनका गनमैन लाल सिंह और ड्राइवर बुई लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पठानकोट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां से देर शाम एसएसपी को मोहाली के फोर्टीस अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
एसएसपी डॉ. कालिया के सिर पर चोट लगी है। पत्रकार जसदीप सिंह की मौत के बाद शव को हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। हिमाचल पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में लगी है।
जानकारी के अनुसार आईजी बार्डर जोन ने पठानकोट में मीटिंग रखी थी। बैठक में हिस्सा लेने के लिए जालंधर से एसएसपी डॉ. कालिया पठानकोट आ रहे थे।
भोगपुर के पास पत्रकार जसदीप सिंह मल्होत्रा भी अपनी गाड़ी से उनकी सरकारी इनोवा कार में बैठ गए, जबकि उनका फोटोग्राफर अलग कार में पीछे आ रहा था। गनमैन लाल सिंह ने बताया कि मीरथल के आगे मीलवां के पास आगे चल रहे ट्राले को साइड देने के लिए ड्राइवर बुई राम ने हार्न मारा।
साइड देने पर ड्राइवर ने इनोवा को निकालने की कोशिश की। इस बीच ट्राला चालक ने इनोवा को साइड मार दी। साइड लगने से इनोवा कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे दो पेड़ों से टकराने के बाद आगे तीसरे पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे में इनोवा में बैठे जसदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एसएसपी डॉ. कालिया समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर जमा लोगों ने घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
संभलने का मौका तक नहीं मिला
गनमैन लाल सिंह ने बताया कि हादसे इतना भयानक था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की जानकारी मिलने पर डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू, विधायक अश्वनी शर्मा, विधायक सीमा कुमारी, एसपी (डी) हीर, नायब तहसीलदार लक्ष्मण सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी अस्पताल पहुंच गए।