त्योहारी सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में मारामारी भी बढ़ जाती है। पंजाब से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली सभी ट्रेनें फुल रहती हैं। ऐसे में यात्रियों को खासी असुविधा का सामना करना पड़ता है। क्योंकि त्योहारों पर पंजाब में बड़ी संख्या में रहने वाले यूपी और बिहार के लोग अपने घर जाते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन की तरफ से पंजाब से यूपी और बिहार के लिए दो अलग-अलग स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है।
रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा और आगामी त्योहारी सीजन के दौरान अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए अमृतसर से गोरखपुर और अमृतसर-छपरा तक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। हालांकि यह दोनों ट्रेनें सप्ताह में एक दिन ही चलेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन संख्या 05006 अमृतसर-गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन व ट्रेन संख्या 05005 गोरखपुर से अमृतसर के लिए 18 सितंबर से 27 नवंबर के बीच प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह साप्ताहिक स्पेशल रेलगाड़ी 05005 गोरखपुर से दोपहर 14:40 बजे प्रस्थापन करके अगले दिन सुबह 09.30 बजे अमृतसर पहुंचेगी। अमृतसर से गोरखपुर के लिए 19 सितंबर से 28 नवंबर के बीच प्रत्येक वीरवार को खुलेगी। स्पेशल रेलगाड़ी संख्या 05006 अमृतसर से दोपहर 12:45 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 8.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। उक्त ट्रेन ब्यास, जालंधर सिटी, ढंडारी कलां, अंबाला छावनी, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, बुधवल, गोंडा, बस्ती व खलीलाबाद स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 05050 /05049 अमृतसर-छपरा स्पेशल ट्रेन 05049 छपरा से अमृतसर के लिए 20 सितंबर से 29 नवंबर के बीच प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। रेलगाड़ी संख्या 05049 छपरा से सुबह 9:55 बजे चलकर अगले दिन सुबह 9.30 बजे अमृतसर पहुंचेगी। अमृतसर से गाड़ी संख्या 05050 छपरा के लिए 21 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। रेलगाड़ी संख्या 05050 अमृतसर से दोपहर 12:45 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 14:00 बजे छपरा पहुंचेगी। यह स्पेशल रेलगाड़ी ब्यास, जालंधर सिटी, ढंडारी कलां, अंबाला छावनी, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, बुढवल, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, तमकुही रोड़, थावे, सिवान स्टेशनों पर रुकेगी।