श्री सिद्ध बाबा सोढल ऐतिहासिक मेला मंगलवार को हवन यज्ञ के साथ शुरू हो गया। सोढल से प्रीत नगर और सोढल से गाजी गुल्ला फाटक तक रोड पर दुकानें सज गई हैं। बच्चों के लिए झूले भी लग चुके हैं। पुलिस ने संगत की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस सहित एक हजार पुुलिस कर्मियों की तैनाती मेले के लिए कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी मेले में कैंप लगा लिया है। यही नहीं स्वास्थ्य विभाग ने मेले में खाने-पीने की दुकानें लगाने वालों को भी सामान ढक कर रखने की हिदायतें दी। मेला शुरू होने के बावजूद नगर निगम अब तक सड़कें नहीं बना सका है। प्रत्येक साल मेले से पहले सोढल की सड़कें बनाई जाती हैं।
सईपुर रोड और गुज्जा पीर रोड की सड़कों की हालत अधिक खस्ता है। ऐसे में मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मूर्तियां का पूजन कर स्नान करवाया
श्री सिद्ध बाबा सोढल तालाब कार सेवा कमेटी ओर से बाबा सोढल के मेले का आगाज करने के लिए सुबह हवन यज्ञ करवाया गया। इस अवसर पर विधायक मनोरंजन कालिया विशेष तौर पर हाजिर हुए। संस्थापक प्रधान चमन लाल शर्मा, चेयरमैन यशपाल चड्ढा, प्रधान विनय जालंधरी, महासचिव रवि मरवाहा, महिंदर प्रभाकर, अनिल भसीन, ओम प्रकाश, श्रीराम जग्गी आदि ने यज्ञ में आहुतियां डालीं।
इससे पूर्व सुबह मंदिर में मूर्तियों का पूजन व स्नान करवाया गया। सायंकाल के समय पूर्व मंत्री अवतार हैनरी ने झंडे की रस्म अदा की गई।
स्कूल रहेंगे बंद
जिले की पूर्व डीसी श्रुति सिंह ने जालंधर जिले में 18 सितंबर की सोढल मेले की छुट्टी कर दी थी। इसी तिथि को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की तरफ से चौथी से दसवीं कक्षा के पेपर लेने के लिए कहा गया था। इस कारण अध्यापक असमंजस में फंसे हुए थे। इस मुद्दे को अमर उजाला ने पूरे जोर से उठाया था। विभाग ने संज्ञान लेते हुए 18 सितंबर को होने वाले पेपर स्थगित कर दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप शर्मा के मुताबिक अब प्राइमरी कक्षा का पेपर 24 सितंबर को होगा और सेकेंडरी के पेपर 26 सितंबर को होंगे।
मेले में 24 घंटे तैनात रहेंगी मेडिकल टीमें
सिविल सर्जन आरएल बसन के मुताबिक मेले के दौरान 24 घंटे स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहेंगी। एक टीम में एक डाक्टर, एक फार्मासिस्ट व दर्जा चार कर्मचारी मंदिर के अंदर तैनात रहेंगे। दूसरी टीम बाहर मरीजों का चेकअप करेगी। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सिविल अस्पताल के ट्रामा सैंटर, कमल अस्पताल, जनता अस्पताल, श्री देवी तालाब मंदिर के अस्पताल, टैगोर अस्पताल व अन्य अस्पतालों में प्रबंध पूरे किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त मेले में खाने-पीने वाली वस्तुओं पर भी निगाह रखी जाएगी कि दुकानदारों ने सामान ढंक कर रखा है कि नहीं?
सड़कों की हालत है खस्ता
श्रद्धालु मंदिर में हाजिरी लगाने के लिए आने लगे हैं लेकिन मंदिर स्थल तक पहुंचने के लिए लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। सोढल एरिया की कई सड़कें अभी भी दयनीय हालत में हैं। गुजा पीर, कुष्ठ आश्रम रोड का रूट काफी दयनीय है। इन सड़कों पर गंदे पानी इकट्ठा है। यह नहीं रोड पर गंदगी के अंबार लगे हुए हैं।
महिला संकीर्तन मंडली पर हमला
मंदिर की कार सेवा कमेटी ने पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में संकीर्तन मंडली पर हमला होने का आरोप लगाया है। कार सेवा कमेटी का आरोप है कि संकीर्तन मंडली से नकदी भी छीनी गई है। कमेटी ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के लिए कहा है।