अकाली दल के महासचिव प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा है कि कांग्रेस के दामन पर सिख दंगों के दाग हैं। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि नरेंद्र मोदी पीएम बनने लायक नहीं हैं क्योंकि उनके हाथ खून से रंगे हैं। पर प्रधानमंत्री के इस फॉर्मूले के हिसाब से तो राहुल गांधी पीएम बनने केबिल्कुल अयोग्य हैं।
चंदूमाजरा ने कहा कि मोदी के खिलाफ न तो अदालत का फैसला है और न ही लोगों का। पर राहुल गांधी की कांग्रेस के खिलाफ तो दस-दस आयोगों का फैसला आया है।
जिसमें साफ कहा गया है कि सीनियर कांग्रेस नेताओं ने ही दंगे करवाए। दंगों के समय राहुल के पिता राजीव गांधी के बयान याद कर आज भी सिखों के जख्म हरे हो जाते हैं।
इस स्थिति में राहुल बिल्कुल भी प्रधानमत्री बनने लायक नहीं हैं। चंदूमाजरा ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि यूपीए-1 में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे, पर वे जीत गए।
अगर वह भ्रष्टाचार को मुद्दा नहीं मानते तो दिल्ली और राजस्थान में क्यों हारे। हारने केबाद बीस साल से लटक रहा लोकपाल बिल पास कराया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के यह कहने कि वह अगले पीएम नहीं होंगे, से साफ है कि उन्होंने चुनाव से पहले ही हार कबूल कर ली है।