जम्मू में हुए आतंकी हमले के विरोध में शिव सेना (हिंदुस्तान) ने फगवाड़ा में पाकिस्तान से आ रही सदा-ए-सरहद को रोका। सड़क पर पाकिस्तान का झंडा बिछाकर उसके ऊपर बस को निकाला।
उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश व्यक्त किया। शिव सेना ने बाद में पाक झंडा जलाया। इस दौरान थोड़े समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
शिव सेना के पदाधिकारी जिला अध्यक्ष मनीष की अगुवाई में शुगर मिल चौक में एकत्रित हुए। जैसे ही सदा-ए-सरहद आई तो प्रदर्शनकारी उसके आगे खड़े हो गए।
उन्होंने पाकिस्तान का झंडा बस के आगे बिछा दिया तथा बस को उसके ऊपर से गुजारा। इस दौरान बस को एस्कार्ट कर रहे जवान तथा मौके पर पहुंचे सिटी थाना प्रभारी रविंदर सिंह ने पुलिस फोर्स समेत बस को घेर लिया।
प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ भड़ास निकाली तथा बस के गुजर जाने के बाद नारेबाजी कर झंडा फूंका। शिव सेना पदाधिकारियों ने मांग की कि पाकिस्तान को रेल और बस बंद की जाए।
उन्होंने मनमोहन सरकार की नीतियों की आलोचना की। इससे पहले हनुमान गढ़ी में आतंकी हमले में शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रम सिंह समेत अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि दी।