पंजाब के संगरूर में पंजाब पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे मजदूर यूनियन के लोगों पर लाठी चार्ज किया है। मजदूर यूनियन के लोग संगरूर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सीएम भगवंत मान के आवास की ओर कूच कर रहे थे।
वहीं मामले में संगरूर के एसएसपी ने कहा कि कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया और विरोध शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रदर्शनकारियों के एक आक्रामक गुट ने हाथापाई की, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया। हमने उनकी मांगों का संज्ञान लिया है।
भाजपा किसान मोर्चा ने संगरूर में किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा की
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजकुमार चाहर व पंजाब भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष बिक्रमजीत सिंह चीमा ने संगरूर में किसानों पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर लाठीचार्ज किए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा है कि पंजाब चुनाव से पहले केजरीवाल ने कहा था कि किसानों के बिजली बिल माफ हो जाएंगे, किसानों के ऋण माफ हो जाएंगे, किसानों की जो बकाया राशि है उसे चुका दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
चाहर ने कहा कि पंजाब सरकार ने संगरूर में किसानों पर लाठीचार्ज के लिए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई न की और किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया तो भाजपा किसान मोर्चा सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेगा।