पंजाब पुलिस की नाक के नीचे राज्य में करीब 18 हजार भगौड़े खुलेआम घूम रहे हैं। सालों से इनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके अलावा प्रदेश के लोगों में हथियार रखने का शौक भी खूब पल रहा है।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की बहू हरसिमरत कौर बादल के लोकसभा क्षेत्र बठिंडा में लोगों को हथियारों का शौक कुछ ज्यादा ही है।
सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस से भगौड़ों और हथियारों के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी।
पंजाब पुलिस के एडीजीपी द्वारा राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी को भेजी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 31 अक्तूबर 2013 तक 17927 भगौड़े हैं। इनमें से 12206 भगौड़े सीआरपीसी की धारा 299 के तहत अदालत द्वारा घोषित हैं।
5721 भगौड़े सीआरपीसी की धारा 82/83 के तहत पुलिस द्वारा घोषित किए गए हैं। सबसे ज्यादा भगौड़े बड़े शहरों लुधियाना, अमृतसर और जालंधर आदि से हैं।
इसी तरह पंजाब में हथियार रखने का शौक भी बढ़ता ही जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 2,96,377 लाइसेंसी हथियार हैं। इनमें सबसे ज्यादा 32501 हथियार बठिंडा जिले में हैं।
दिलचस्प बात यह भी है कि 2009 और 2012 में पुलिस के पास जमा करवाए लाइसेंसी हथियार कई जिलों में कम थे और जमा करवाए हथियारों की संख्या ज्यादा रही।
उदाहरण के तौर पर जालंधर (ग्रामीण) में लाइसेंसी हथियारों की संख्या 6403 दिखाई गई है जबकि 2009 में जमा करवाए हथियारों की संख्या 12847 और 2012 में यह संख्या 6959 बताई गई है।
फाजिल्का जिले में 8215 लाइसेंसी हथियार थे लेकिन 2009 में एक भी हथियार जमा नहीं करवाया गया था।
बाक्स-
जिलावार भगौड़ों की संख्या
जिला पुलिस द्वारा भगौड़े करार अदालत द्वारा भगौड़े करार
पुलिस कमिश्नर लुधियाना 699 1745
सीओपी अमृतसर 342 1208
सीओपी जालंधर 813 2196
फरीदकोट 80 64
बठिंडा 155 319
फिरोजपुर 117 273
लुधियाना (ग्रामीण) 198 238
पटियाला 308 339
तरनतारन 82 99
अमृतसर (ग्रामीण) 176 172
पठानकोट 30 100
जालंधर (ग्रामीण) 00 1452
एस.एस. नगर 209 524
एस.बी.एस. नगर 255 254
कुल (अन्य जिले भी) 5721 12206