आईपीएस अधिकारी सुमेध सिंह सैनी ने छुट्टी से लौटकर मंगलवार को पंजाब के डीजीपी का पदभार फिर से संभाल लिया।
वह पंजाब में चुनाव आचार संहिता के दौरान 19 मई तक के लिए छुट्टी पर चले गए थे। तब उनकी जगह विजिलेंस ब्यूरो के डीजीपी सुरेश अरोड़ा को डीजीपी पंजाब का प्रभार दिया गया था।
सोमवार को चुनाव आचार संहिता समाप्त होते ही राज्य के गृह विभाग ने सुमेध सिंह सैनी को फिर से डीजीपी पद पर तैनात करने के आदेश जारी कर दिए थे।
यह आदेश उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की ओर से सैनी की पुन: तैनाती से संबंधित फाइल क्लीयर करने के बाद जारी किए गए थे।
सुरेश अरोड़ा को फिर से डीजीपी विजिलेंस ब्यूरो तैनात कर दिया गया है।सैनी ने फिर से डीजीपी का कार्यभार संभालने के बाद उच्च पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की।
नशों की तस्करी के खिलाफ मुहिम को और तेज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कोड ऑफ कंडक्ट के दौरान हुए पुलिस अधिकारियों के तबादलों संबंधी जानकारी भी हासिल की।
जिला स्तर पर हुए तबादलों की रिपोर्ट भी सभी एसएसपी से मांगी गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब आधा दर्जन जिला पुलिस प्रमुखों के अलावा कई अन्य अधिकारियों के तबादले अगले एक हफ्ते के भीतर होना तय है।
सैनी के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर एडीजीपी इंटेलिजेंस हरदीप सिंह ढिल्लों, एडीजीपी क्राइम जसमिंदर सिंह, एडीजीपी प्रशासन एमके तिवारी आदि भी उपस्थित थे।