पंजाब के सीएम भगवंत मान ने गुजरात चुनाव पर कहा है कि हम सर्वे में नहीं आते, सीधा सरकार में आते हैं। वह रविवार को कपूरथला में सर्कुलर रोड पर 20 एकड़ में केंद्र व पंजाब सरकार के संयुक्त तत्वाधान में 428.59 करोड़ से बनने वाले नए मेडिकल कॉलेज व अपटूडेट सिविल अस्पताल के निर्माण का फाइनल नक्शा व लोकेशन देखने पहुंचे थे। सवा 12 बजे के निर्धारित समय से करीब दो घंटे लेट सवा दो बजे पहुंचे सीएम भगवंत मान ने अवलोकन के बाद मीडिया से कहा कि सूबे में 16 मेडिकल कॉलेज बनाएंगे।
नौ कॉलेज जहां पहले से मौजूद हैं, जिससे कुल 25 कॉलेज हो जाएंगे। इस लिहाज से सूबे के हर जिले को एक मेडिकल कॉलेज जरूर मिलेगा। सबसे पहले तीन संगरूर, होशियारपुर व कपूरथला के मेडिकल कॉलेज के फाइनल नक्शे लगभग तैयार हैं। नक्शों को हरी झंडी मिलते ही टेंडर लग जाएंगे और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
उन्होंने दावा किया आम आदमी पार्टी सरकार का लक्ष्य का शिक्षा व सेहत सुविधाओं की गारंटी पूरी करना है। जो हर हाल में पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि कपूरथला मेडिकल कॉलेज के निर्माण में 55 प्रतिशत स्टेट सरकार और 45 प्रतिशत की भागीदारी केंद्र की हैं।
दोनों की 428.59 करोड़ की मैचिंग मनी से कॉलेज बनना शुरू होगा। उन्होंने यूक्रेन के हालात पर कहा कि ये मेडिकल कॉलेज सूबे व आसपास के अन्य सूबों के होनहार बच्चों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होंगे। यही नहीं मेडिकल टूरिज्म के तौर पर भी पंजाब को विकसित करेंगे। जिस तरह तमिलनाडु में लोग उपचार करवाने जाते हैं, उसी तर्ज पर पंजाब में भी लोग इलाज करवाने आएंगे। ऐसा माहौल पंजाब सरकार विकसित करेगी। इनमें पंजाब के नागरिकों का उपचार फ्री होगा।
सूबे के अस्पतालों में स्टाफ की कमी के सवाल पर कहा कि अभी आप सरकार को आठ माह हुए हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर खड़ा कर रहे हैं फिर स्टाफ भी पूरा करेंगे। सरकार अपनी हर गारंटी को पूरा रही है, जिसके तहत सूबे में 80 करोड़ से 17 मॉडर्न सब तहसील कांप्लेक्स बनाए जा रहे हैं।
अपनी सरकार की उपलब्धियों पर कहा कि अब तक विभिन्न विभागो में 21 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने 603 युवाओं को पीएसपीसीएल (पावरकॉम) में ज्वाइनिंग लेटर सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में सूबे के 90 फीसदी लोगों के बिजली के बिल जीरो आएंगे।
हेट स्पीच व गन कल्चर को रोकने के लिए भी कानून अपना काम कर रहा है। 2019 में कपूरथला में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व जिला अस्पताल में बनाया गया आईसीयू शुरू न होने पर भगवंत मान ने कहा कि इसे चालू किया जाएगा। इससे पहले सैनिक स्कूल के हेलीपैड पर आप वर्करों को रोकने पर सीएम खुद प्रोटोकॉल तोड़कर कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे।