फरीदकोट के अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव कलेर के पास वीरवार सुबह भयानक हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार निजी कंपनी की बस ने स्कूल वैन को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूली छात्रा की मौत हो गई, जबकि 4 छात्राओं के अलावा वैन चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी को इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे की सूचना के बाद एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसएसपी और डिप्टी कमिश्नर विनीत कुमार ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल भी जाना।
जानकारी के अनुसार मुदकी के शहीदगंज स्कूल की वैन विभिन्न गांवों से बच्चों को लेकर मुदकी जा रही थी। जैसे ही वैन गांव कलेर के पास नेशनल हाईवे पर सड़क क्रास करने लगी तो अमृतसर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार एक निजी कंपनी की बस ने स्कूल वैन को टक्कर मार दी।
सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। हादसे में 9वीं कक्षा की छात्रा एकनूर थापर निवासी कोट सुखिया की मौत हो गई। वहीं, छात्रा जशनदीप कौर निवासी कोटसुखिया, खुशवीर कौर, उसकी बहन जैसमीन कौर निवासी ढुडी, जैसमीन कौर निवासी ढुडी व वैन चालक बलवीर सिंह निवासी कोटसुखिया को अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम पहुंच गई थी जिन्होंने घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंचाया। एक छात्रा की मौत हुई है, जबकि बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल वैनों के मामले में पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है और भविष्य में भी कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर विनीत कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद प्रशासन भी हर संभव मदद की जा रही है। रोड सेफ्टी स्कीम और सेफ वाहन स्कीम के तहत काफी प्रयास किए जा रहे है। ऐसे हादसों को रोकने के लिए भविष्य में योग्य कदम उठाए जाएंगे। इस मामले में मेडिकल अस्पताल की अधीक्षक डॉ. नीतू कक्कड़ ने बताया कि उनके पास कुल 6 लोगों को इलाज के लिए लाया गया, जिसमें एक छात्रा की मौत हो चुकी थी जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।