विजिलेंस ब्यूरो पटियाला ने संगरूर में एक पटवारी को इंतकाल दर्ज करने के लिए तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी पटवारी के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विजिलेंस ब्यूरो पटियाला के इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह के मुताबिक परमजीत सिंह पटवारी माल हलका अकबरपुुर छन्ना, सब तहसील अहमदगढ़, जिला संगरूर ने शिकायतकर्ता दीदार सिंह निवासी गांव महेरना खुर्द, सब तहसील अहमदगढ़,
जिला संगरूर का इंतकाल दर्ज करने के बदले में पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
इसमें पटवारी परमजीत सिंह ने शिकायतकर्ता से मौके पर एक हजार रुपये ले लिए थे। लेकिन शिकायतकर्ता के आग्रह पर पटवारी चार हजार की जगह तीन हजार रुपये लेने पर राजी हो गया।
सूचना के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो ने पटवारी को सब तहसील अहमदगढ़ के पटवारखाने में शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस मौके पर सरकारी गवाह डॉ. राजीव ग्रोवर वेटरनरी अफसर पीएएचएस-1 मसींगन और गुरमेल सिंह वेटरनरी इंस्पेक्टर सीवीएच धवलान जिला पटियाला मौजूद थे।
आरोपी पटवारी के खिलाफ थाना विजिलेंस ब्यूरो फेस दो पटियाला में 1, 13 (2) 1988 पीसी एक्ट तहत केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।