श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी की इमारत।
- फोटो : amarujala
श्री गुरु ग्रंथ साहिब फोर्थ सैंचुरी मेमोरियल ट्रस्ट की बैठक ट्रस्ट चेयरमैन और विश्व यूनिवर्सिटी के कुलपति अवतार सिंह मक्कड़ के नेतृत्व में सिंडीकेट हॉल में शनिवार को हुई। इस मीटिंग में सीएम प्रकाश सिंह बादल बतौर ट्रस्ट सदस्य खास तौर पर शामिल हुए। इस मीटिंग में ट्रस्ट के सभी 11 सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिसमें सचिव सुखदेव सिंह भौर, सदस्य आरएस मान, एचएस मत्तेवाल, डॉ. गुरमोहन सिंह वालिया, बीबी किरनजोत कौर, पूर्व आईएएस अमरदीप सिंह सिद्धू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुजीत सिंह विर्क और डॉ. जसपाल सिंह शामिल हुए।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. प्रितपाल सिंह ने बताया कि मीटिंग के दौरान ट्रस्ट चेयरमैन अवतार सिंह मक्कड़ ने विश्व यूनिवर्सिटी के सौंदर्यीकरण हेतु मास्टर प्लान को तैयार करने के लिए हामी भरी है। इसके लिए एसजीसीपी ने पिछले साल कैंपस की 80 एकड़ जमीन में इजाफा करते हुए 57 एकड़ जमीन और दी थी। इस पर भविष्य में मास्टर प्लान तैयार करके बिल्डिंग और कैंपस को हरा-भरा बनाने के लिए विश्वस्तरीय तकनीक का सहारा लिया जाएगा। डॉ. प्रितपाल सिंह ने बताया कि 57 एकड़ नई जमीन में बाबा फतेह सिंह स्टेडियम, खेल ग्राउंड, 13 एकड़ जमीन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, लान टेनिस ग्राउंड और बास्केटबॉल ग्राउंड तैयार हो चुका है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट मीटिंग में यूनिवर्सिटी की काया बदलने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने को सहमति बनी है, जिसमें चार सदस्यीय सब-कमेटी बनाई है। सुखदेव सिंह भौर को सब-कमेटी चेयरमैन लगाया गया है जबकि डॉ. गुरमोहन सिंह वालिया और आरएस मान मैंबर हैं जो पूरा प्लान तैयार करेंगे। ट्रस्ट के सदस्य सीएम प्रकाश सिंह बादल ने यूनिवर्सिटी की बेहतरी के लिए सभी ट्रस्टियों को आग्रह किया है कि वे यूनिवर्सिटी में हर सुविधा और फंड के सही इस्तेमाल और इसे विश्वस्तरीय बनाने में पूरा सहयोग करें।