संगरूर में आग से फसल जलने की जानकारी देता किसान।
- फोटो : अमर उजाला
गांव सोहियां में बिजली के हाईवोल्टेज तार से निकली चिंगारी ने एक किसान की तीन एकड़ फसल को जलाकर स्वाहा कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए किसानों ने संगरूर-पटियाला हाईवे पर करीब आधा घंटा जाम लगा दिया। इससे मुख्य मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक गांव सोहियां के किसान बलविंदर सिंह बब्बू के खेत में बिजली के तार की स्पार्किंग के कारण आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से खेत में फैल गई और तीन एकड़ से अधिक फसल को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि सूचना पाते ही ग्रामीण और फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक तीन एकड़ से ज्यादा फसल जलकर राख हो चुकी थी। यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो ये आसपास के खेतों में भी फैल जाती और अन्य किसानों की फसल को अपनी चपेट में ले लेती।
पीड़ित किसान बलविंदर सिंह ने बताया कि किसान तो पहले ही आर्थिक संकट में घिरे हुए हैं। ऐसे में कभी प्राकृतिक आपदा और कभी पावरकॉम की लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उसकी सारी फसल इस आगजनी में जल गई। इससे उसका करीब एक लाख रुपये का नुकसान हो गया है।
वहीं किसानों ने संगरूर-पटियाला हाईवे पर करीब आधा घंटा जाम लगा दिया। मौके पर मौजूद किसान ईश्वर सिंह, बब्बू, रणजीत सिंह, गुरसंत सिंह और बबली सरपंच ने बताया कि हर साल किसानों द्वारा पावरकॉम को इस बात से अवगत करवाया जाता है लेकिन विभाग इसे गंभीरता से नहीं लेता और हर साल किसानों की फसल जलकर राख हो जाती है।
खेतों से गुजरते तार ढीले और जैंपर ढीले होने की वजह से तार में स्पार्किंग होती रहती है, जिससे हमेशा आग लगने की घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि पिछले साल भी स्पार्किंग की वजह से किसानों की बीस एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई थी। इन घटनाओं के बाद भी विभाग ने सबक नहीं लिया और घटनाओं का होना जारी है।