वीरवार को पटियाला में मांगों को लेकर फव्वारा चौक जाम करके धरना देते बेरोजगार अध्यापक।
- फोटो : PATIALA
पटियाला। रोजगार की मांग को लेकर वीरवार को बेरोजगार ईटीटी टेट पास अध्यापकों ने फव्वारा चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इससे पहले वीर हकीकत राय पार्क में इकट्ठा होने के बाद शहर के बाजारों से रोष मार्च भी निकाला। नगर काउंसिल चुनाव में कांग्रेस को वोट न डालने की अपील की। साथ ही पंजाब के स्कूलों में खाली पड़े पदों का विज्ञापन निकालकर ईटीटी अध्यापकों की भरती करने की मांग की।
प्रदेश प्रधान दीपक कंबोज, सीनियर उपप्रधान संदीप शाम, निर्मल जीरा और सलिंदर कंबोज ने कहा कि 13 जनवरी को शिक्षा मंत्री के साथ हुई बैठक में भरोसा दिलाया गया था कि बेरोजगार ईटीटी टेट पास अध्यापकों की मांगों को जल्द पूरा कर दिया जाएगा। उधर सरकारी महिंदरा कॉलेज की पानी की टंकी पर बैठे उनके दो साथियों को भी नौकरियां देने के भरोसे पर नीचे उतारा गया था। बावजूद इसके उनकी मांगों का अब तक कोई हल नहीं हुआ है। बेरोजगार अध्यापकों ने चेतावनी दी कि जब तक कोई हल नहीं होगा तब तक मोती महल की तरफ कूच करके घेराव किया जाता रहेगा। वीरवार को भी जब बेरोजगार अध्यापक जुलूस की शक्ल में वीर हकीकत राय पार्क से चले तो पुलिस प्रशासन को लगा कि शायद बेरोजगार मोती महल की तरफ रुख करेंगे लेकिन उन्होंने फव्वारा चौक पर ही जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप पर सीएम के ओएसडी से शनिवार की बैठक तय करवाई गई। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।