पटियाला। नाई की दुकान पर हुए मामूली विवाद के बाद एक कश्मीरी युवक को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नौजवान के खिलाफ लड़ाई-झगड़े व हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। जावर हुसैन निवासी गांव जाइबल शमकपुरा डूर अनंतनाग जम्मू कश्मीर हाल निवासी संजय कालोनी सन्नौरी अड्डा पटियाला ने पुलिस को बयान दिया है कि वह दोस्त दानिश अहमद के साथ रात करीब साढ़े 9 बजे सन्नौरी अड्डे पर एक नाई की दुकान में कटिंग कराने गया था। कुछ देर बाद वहां आरोपी विवेक निवासी मालवा कॉलोनी आ गया और पहले खुद की कटिंग करने के लिए नाई से कहने लगा। जिस पर दोनों पक्षों में बहस हो गई। इसके बाद आरोपी ने कैंची उठाकर दानिश के पेट में मार दी और फरार हो गया। दानिश इस समय सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी सर्जरी की गई है। उधर पुलिस ने कार्रवाई करते आरोपी विवेक के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।