पुराने बस अड्डे के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर दबोचे
तस्करी में इस्तेमाल कार भी बरामद, दोनों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में पटियाला पुलिस ने लाहौरी गेट इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 270 ग्राम हेरोइन, दो लाख रुपये की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल कार बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार गागट निवासी न्यू बिशन नगर और विनोद कुमार उर्फ गंजा निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी, पटियाला के रूप में हुई है। एएसआई तेजिंदर सिंह की पुलिस पार्टी पुराने बस अड्डे के पास मौजूद थी। उन्हें गुप्त सूचना मिली कि आरोपी कार में हेरोइन लेकर ग्राहकों को सप्लाई करने आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों को कार समेत काबू कर लिया। तलाशी के दौरान हेरोइन और ड्रग मनी बरामद हुई। थाना लाहौरी गेट में दो नवंबर को एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 194 दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले छह से सात महीनों से हेरोइन बेचने के धंधे में शामिल थे।
आपराधिक इतिहास
रोहित कुमार गागट के खिलाफ पहले से आठ मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम की धाराएं शामिल हैं। विनोद कुमार उर्फ गंजा के खिलाफ भी चोरी समेत दो मामले दर्ज हैं। एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ में हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी।