आर्थिक तंगी और अवसाद के चलते पटियाला में शुक्रवार को जुड़वा भाई-बहन ने नहर में छलांग लगा दी। इस घटना में भाई की मौत हो गई, जबकि बहन की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
संबंधित थाना त्रिपड़ी के इंचार्ज हरजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि न्यू मेहर सिंह कालोनी में रहने वाले गगनदीप सिंह (31) और उसकी जुड़वा बहन गगनवीर कौर (31) ने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे गांव सिद्धूवाल के पास भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी।
जैसे ही गोताखोरों ने देखा तो तुरंत कूदकर बहन को तो बाहर निकाल लिया। लेकिन भाई को नहीं बचाया जा सका। भाई बहकर आगे निकल गया, जिसका शव गांव अवलोबाल के नजदीक नहर से निकाला गया। पुलिस के मुताबिक इन जुड़वा भाई-बहन के पिता की कैंसर से कई साल पहले ही मौत हो गई थी। जबकि इनकी मां की भी कैंसर से करीब चार माह पहले मौत हुई है।
बीमारी में काफी पैसा खर्च होने के कारण घर में आर्थिक तंगी थी और ऊपर से अकेले होने के कारण दोनों भाई-बहन काफी अवसाद में आ गए थे। इस कारण शुक्रवार को दोनों ने यह कदम उठा लिया। फिलहाल बहन बेहोश है, जिसके होश में आने के बाद उसके बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों भाई-बहन के रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है।
देखें- वीडियो: हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें-