सीएम के अपने ही जिले में नशा तस्करों से रिश्वत लेकर केस को रफा-दफा करने केे मामले का खुलासा हुआ है। तस्कर से रिश्वत मांगने के आरोप में थाना घन्नौर के इंचार्ज एसआई सुखविंदर सिंह और हवलदार बलविंदर सिंह के खिलाफ उन्हीं के थाने में केस दर्ज किया गया है। दोनों को सस्पेंड करके पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
घन्नौर के डीएसपी जसविंदर सिंह ने बताया कि फतेहगढ़ साहिब के थाना मुल्लेपुर से उन्हें एक पत्र मिला था कि एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहगढ़ साहिब की ओर से 25 अगस्त को शराब तस्करी के आरोप में नरपिंदर सिंह, जगविंदर सिंह दोनों निवासी गांव अतेवाली जिला फतेहगढ़ साहिब, गुरप्रीत सिंह और अब्दुल रहमान निवासी रेलवे रोड हिमायूपुुर सरहिंद पर केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों ने पूछताछ में माना कि वह लोग हरियाणा के अंबाला से शराब लाकर पंजाब में बेचते हैं। 24 अगस्त को अपनी गाड़ी में 32 पेटी शराब लेकर पटियाला के थाना घन्नौर इलाके से गुजर रहे थे। हवलदार बलविंदर सिंह ने अपने साथी कारज सिंह के साथ नशा तस्करों को घेर लिया और 32 पेटियां पुलिस की गाड़ी में रख लीं। बाद में दोनों ने केस रफा-दफा करने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
तस्करों ने 9500 रुपये दोनों पुलिस मुलाजिमों को मौके पर ही दिए, जबकि बाकी बाद में देने का वादा किया। इसके आधार पर जब हवलदार बलविंदर सिंह से पूछताछ की गई तो उसने माना कि तस्करों से रिश्वत के तौर पर लिए गए 9500 रुपये उसने थाना इंचार्ज एसआई सुखविंदर सिंह को दिए थे।
देखें- वीडियो: हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें-