राजपुरा की भाखड़ा नहर में रेलिंग तोड़कर गिरा ट्राला।
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार देर रात लगभग डेढ़ बजे राजपुरा-पटियाला रोड पर गांव गंडाखेड़ी के पास नरवाणा भाखड़ा नहर के पुल की रेलिंग तोड़ते हुए एक बिजली के खंभों से लदा ट्राला नहर में गिर गया। ड्राइवर किसी तरह ट्राले पर चढ़ते हुए नहर से बाहर निकल आया लेकिन क्लीनर ट्राले सहित नहर में डूब गया।
मानसा निवासी ट्राला ड्राइवर अमित कुमार व क्लीनर नरेश कुमार डेराबस्सी से ट्राले में बिजली के 80 खंभे लादकर मुक्तसर सप्लाई देने के लिए राजपुरा पटियाला रोड से जा रहे थे। जब ट्राला राजपुरा के नजदीक गंडाखेड़ी के पास भाखड़ा नरवाणा ब्रांच नहर का पुल पार करने लगा तो ट्राले का संतुलन बिगड़ गया और ट्राला रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरा। ड्राइवर किसी तरह नहर से बाहर निकल आया लेकिन क्लीनर नरेश कुमार ट्राले सहित नहर में डूब गया। समाचार लिखे जाने तक थाना गंडाखेड़ी पुलिस क्रेन से ट्राले को बाहर निकालने की कोशिश कर रही थी।