पटियाला में जमीन पर लेटी महिला का इलाज करतीं डॉक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला सरकारी राजिंदरा अस्पताल परिसर में स्थित श्री गुरुनानक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एक महिला मरीज का डॉक्टर की ओर से जमीन पर ही इलाज करने का मामला सामने आया है। इस संबंधी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एक महिला इलाज के लिए आई थी। काफी इंतजार के बाद महिला की वहां किसी डॉक्टर ने जांच नहीं की। इसी बीच वह जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद वहां खड़े लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसे सुनकर तुरंत वहां डॉक्टर पहुंचे और उन्होंने जमीन पर ही महिला का इलाज करना शुरू कर दिया। इस सबकी वहां मौजूद एक व्यक्ति ने वीडियो बना ली और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में उक्त व्यक्ति बता रहा है कि वह सरकारी राजिंदरा अस्पताल परिसर में बने श्री गुरुनानक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में है। शुक्रवार का दिन है और रात के साढ़े 9 बजे हुए हैं। यहां एक महिला पिछले कई घंटों से पड़ी तड़प रही है। जब शोर मचाया, तो महिला मरीज का इलाज शुरू किया गया। इलाज भी देख लो, किस तरह से जमीन पर ही किया जा रहा है। इस अस्पताल में पंजाब की आप सरकार ने कौन से सुधार किए हैं। वह इस वीडियो को सेहत मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा को भी भेजेगा, जो पंजाब के विभिन्न अस्पतालों में छापामारी कर रहे हैं।
इस संबंधी सरकारी मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डॉ. हरजिंदर सिंह का कहना है कि उन्हें वायरल वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर रात के समय किसी मरीज की तबीयत ज्यादा खराब थी, तो उसे इमरजेंसी में दाखिल होना चाहिए था। इससे उसे तुरंत व सही इलाज मिल सकता था।