पटियाला। थाना भादसों के अधीन पड़ते गांव झंबाली खास में विवाहिता की ओर से अपने पति के संबंधों व मारपीट से परेशान होकर जहरीली चीज खाकर जान देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने विवाहिता के भाई के बयान पर पति व उसकी प्रेमिका को नामजद कर लिया है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गुरचरन सिंह निवासी गांव चलैलां ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसकी बहन सरबजीत कौर की शादी करीब 11 साल पहले गांव झंबाली खास के रहने वाले मनप्रीत सिंह के साथ हुई थी। पिछले करीब एक साल से आरोपी उसकी बहन को काफी परेशान कर रहा था व उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। आरोपी मनप्रीत सिंह के गांव दित्तूपुर जट्टां की निवासी महिला के साथ संबंध थे।
काफी समझाने पर भी आरोपी नहीं माना और उसकी बहन को परेशान करता रहा। इससे तंग आकर सरबजीत कौर ने कोई जहरीली चीज खा ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। फोन पर आरोपी ने इसकी सूचना मायके परिवार को दी। पुलिस ने इस बयान के आधार पर आरोपी पति व उसकी प्रेमिका को नामजद कर लिया है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।