पंजाब में शुक्रवार हादसों का दिन रहा। पटियाला, बरनाला, जालंधर, संगरूर और बठिंडा सहित अन्य जिलों में भी सड़क हादसे हुए। अलग-अलग सड़क हादसों की वजह घनी धुंध रही। बरनाला में एक साथ पांच गाड़ियों में जबरदस्त टक्कर हुई। हादसे में एक महिला लेक्चरर की मौत हो गई। अबोहर में पीआरटीसी बस ने एक महिला को कुचल दिया, जिससे पांच बेटियों की मां की जान चली गई। जालंधर में भी बसों में भिड़ंत हुई है। संगरूर में पीआरटीसी बस की ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर हो गई। इस हादसे में बस कंडक्टर की मौत हो गई। वहीं इन हादसों में कई लोग घायल हुए हैं।
ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा पटियाला के नाभा के गांव दित्तूपुर जट्टां में वीरवार-शुक्रवार की रात हुआ है। हादसे में एकसाथ तीन घरों के इकलौते बेटों की जान चली गई। रात में घनी धुंध की वजह से एक कार तालाब में गिर गई। कार में बैठे तीन युवकों की डूबकर मौत हो गई जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया।
नेवी में कार्यरत था हरदीप सिंह
मृतकों की पहचान हरदीप सिंह (30), इंद्रजोत सिंह (26) और कमलप्रीत सिंह (18) के तौर पर हुई है। तीनों अपने-अपने घर के इकलौते बेटे थे। हरदीप सिंह नेवी में नौकरी करता था और इन दिनों छुट्टी पर घर आया था। इंद्रजोत सिंह वेरका मिल्क प्लांट का मुलाजिम था और कमलप्रीत सिंह 12वीं में पढ़ रहा था। तीनों युवक एक ही गांव के थे। तीन युवकों की मौत की घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया रहा।
दोस्त की जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे सभी
थाना भादसों के अधीन पड़ते गांव दित्तूपुर जट्टां के रहने वाले पांच युवक हरदीप सिंह, इंद्रजोत सिंह, कमलप्रीत सिंह, दलबीर सिंह व एक अन्य युवक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे। वीरवार रात करीब 9 बजे घनी धुंध में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। एक युवक नीचे उतरकर अपने मोबाइल की टॉर्च से रास्ते दिखाने लग गया। धुंध इतनी ज्यादा थी कि कार गांव के गुरुद्वारा साहिब के नजदीक तालाब में जा गिरी।
कार में फंस गए तीनों युवक
वहीं, कार के तालाब में गिरने के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हरदीप सिंह, इंद्रजोत सिंह व कमलप्रीत सिंह कार में फंस गए और बाहर नहीं पाए और उनकी डूबने से मौत हो गई। इस मौके पर गांव के सरपंच गुरदीप सिंह ने बताया कि हादसा धुंध के कारण हुआ है। युवकों को अंदाजा नहीं हुआ, जिस वजह से कार जाकर तालाब में गिर गई।