पटियाला। पुलिस ने नकली तारपीन का तेल तैयार करने वाले एक डिपो होल्डर को उसके साथी समेत गिरफ्तार किया है।
साथ ही एक फर्जी प्रेस फोटोग्राफर को भी काबू किया गया है, जो प्रेस के नाम पर लोगों को ठगता था।
एसपी (डी) जसकिरनजीत सिंह तेजा ने सोमवार को यहां पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक फर्जी प्रेस फोटोग्राफर को काबू किया है।
जो लोगों को प्रेस के नाम पर डरा-धमका कर उनसे पैसे बटोरता था।
आरोपी की पहचान गौरव कुमार उर्फ रिंकू निवासी गांव लौट हाल निवासी ब्लाक एफ सिऊना चौक के तौर पर हुई है। इसने अपने मोटरसाइकिल पर प्रेस लिखा हुआ था और यह होटलों, दुकानों और ढाबों वालों को गुमराह करके पैसे बटोरता था ।
इसको गुप्त सूचना के आधार पर पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस भुपिंदरा रोड पार्क के पास खड़े एक ग्राहक की प्रतीक्षा करते हुए मोटरसाइकिल समेत काबू कर लिया गया।
इसके पास से उक्त पंजाबी अखबार का मियाद निकला हुआ पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। इसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया है।
उधर त्रिपड़ी थाना पुलिस ने तारपीन का नकली तेल तैयार करने वाले डिपो होल्डर गुरबचन सिंह उर्फ भोला निवासी फैक्टरी एरिया पटियाला व इसके साथी कर्मजीत सिंह निवासी घुम्मन नगर-बी को काबू करके इनके पास से नकली तारपीन का 140 लीटर तेल बरामद किया है
इसके अलावा 750 लीटर मिट्टी का तेल और नकली तेल तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला तीन लीटर केमिकल व पैकिंग मैटेरियल समेत 200 खाली बोतलें बरामद की गई हैं।
उन्होंने बताया कि नीले कार्डों पर बेचे जाने वाले मिट्टी के तेल को गलत तरीके के साथ हासिल करके यह व्यक्ति केमिकल मिलाकर जाली तारपीन का तेल तैयार करके बोतलों में सील करके आगे महंगे दामों में बेच देता था।
गिरफ्तार आरोपियों से यह बात सामने आई है कि डिपो का तेल 18 रुपये प्रति लीटर के हिसाब के साथ डिपो होल्डर गुरबचन सिंह आगे कर्मजीत सिंह को 40 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेच देता था।
जो आगे इसमें केमिकल की मिलावट करके नकली तारपीन का तेल बनाकर 70 से 80 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेच देते थे। इनके खिलाफ त्रिपड़ी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।