राजपुरा। यूक्रेन में युद्ध के संकट को देखते हुए राजपुरा के अभिनंदन कुमार के अभिभावक काफी परेशान हैं। अभिनंदन यूक्रेन के केन शहर में शिक्षा ग्रहण करने के लिए गया है। उनके अभिभावकों ने भारत सरकार से अपील की है कि सभी भारतीयों के साथ शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों की सहायता करें और उनको वापस लाएं। अभिनंदन के पिता काका राम नंबरदार और उसकी माता निशा रानी ने बताया कि उनका बेटा अभिनंदन नवंबर-2020 में यूक्रेन के केन शहर में शिक्षा ग्रहण करने के लिए गया था। उन्होंने बताया कि वह यूरोपियन यूनिवर्सिटी में मैनेजमेंट का कोर्स करने के लिए गया है।
काका राम ने बताया कि उनकी रोज अभिनंदन से फोन पर बात होती है बेशक अभी यूक्रेन का माहौल ठीक-ठाक नजर आ रहा है। रूस की फौज लगातार आगे बढ़ते हुए कभी युद्ध का एलान कर सकती हैं। इन खबरों से उनका मन उदास हो जाता है और सारी रात परिवार के सदस्य जागकर केवल समाचार देखते रहते हैं। काका राम ने बताया कि उन्हें पता चला है कि एक तरफ यूक्रेन में विद्यार्थी पढ़ रहे हैं और जो विद्यार्थी भारत जाना चाहते हैं उन्हें एजेंट चार गुना मंहगी टिकट देने की बात कहकर भारत वापस भेजने की बात कह रहे हैं। वह इतनी महंगी टिकट खरीदने में असमर्थ हैं। उन्होंने बताया कि यूक्रेन की टिकट जो तीस हजार रुपये की है वही एक से डेढ लाख रुपये में वह दे रहे हैं। काका राम ने बताया कि जब उनका बेटा अभिनंदन यूक्रेन गया था तो उन्होंने मुश्किल से पैसे इकट्ठे किए थे। इसलिए भारत सरकार को सभी बच्चों की सहायता करनी चाहिए और हवाई जहाज की टिकटें ब्लैक में नहीं वाजिब दाम में मिलनी चाहिए।