प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि एसवाईएल पर बादल जितना मर्जी दावा करें, वास्तविकता तो यह है कि उन्होंने हमेशा से पंजाब के हितों के साथ धोखा किया है। उन्होंने 1977 में हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री देवी लाल से नहर के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये मंजूर कर लिए थे।
कैप्टन ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने एसवाईएल पर दोहरी गेम न खेली होती तो पंजाब की कानूनी स्थिति इस मुद्दे पर मजबूत होती। यहां जारी बयान में कैप्टन ने कहा कि उन्होंने 2004 में टर्मिनेशन ऑफ एग्रीमेंट्स एक्ट बनाकर पंजाब के पानी को अन्य नान-रिपेरियर राज्यों से बचाया था। लेकिन बादल ने एसवाईएल पर डबल गेम खेली, जिसके लिए उनका धन्यवाद है। जो हमने विधानसभा में हासिल किया वह सुप्रीम कोर्ट में हार गए।
उन्होंने कहा कि बादल ने पहले विधानसभा में बिल पास करवाकर दोहरी गेम खेली और राज्यपाल के पास मंजूरी के लिए न भेजकर हरियाणा को सुप्रीम कोर्ट में जाने के लिए बहुत सारा समय दे दिया। नतीजन विधानसभा में कांग्रेस के समर्थन के साथ की सारी मेहनत पर पानी फेर गया।