पटियाला में रेस्तरां में चलाए जा रहे हुक्का बार की चेकिंग करता सेहत विभाग का अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
स्टेट तंबाकू सेल की ओर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर सेहत विभाग ने पटियाला शहर में 22 नंबर फाटक के नजदीक एक रेस्तरां में रेड की, जहां पर हुक्का बार चलाया जा रहा था। जांच के दौरान पांच हुक्का और हुक्के में डालने वाली सामग्री जब्त की गई। रेस्तरां के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया हैऔर फू़ ड सेफ्टी अफसर की ओर से तंबाकू की जांच के लिए तीन नमूने लिए गए हैं।
सिविल सर्जन डा. बलविंदर सिंह ने बताया कि सेहत विभाग की टीम ने पुलिस विभाग के सहयोग के साथ शहर में 22 नंबर फाटक के नजदीक चल रहे रेस्तरां में रेड की। इस दौरान एक खुफिया कमरा, जो सीढ़ियों के नीचे बना हुआ था, उसमें हुक्का और इसमें डालने वाली सामग्री पाई गई। उसे विभाग ने कब्जे में ले लिया है।
डीसी की ओर से हुक्का बार के खिलाफ जिले में धारा 144 सीआरपीएस लगाई हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारियों की ओर से रेस्तरां के मालिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरामद हुए पांच हुक्का व हुक्के में डालने वाली सामग्री जब्त करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में पहले भी दो हुक्का बारों पर कार्रवाई की गई थी। पटियाला तंबाकू मुक्त घोषित है, इसलिए किसी भी तत्व को तंबाकू संबंधी बने कानून की उल्लंघना नहीं करने दी जाएगी।