सरकार के खिलाफ पुतला फूंक प्रदर्शन करते अध्यापक।
- फोटो : अमर उजाला
अपनी मांगों को लेकर सरकार के उदासीन रवैये से गुस्साए एसएसए, रमसा अध्यापक यूनियन ने बस स्टैंड के बाहर अकाली-भाजपा सरकार का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस मौके पर सर्वशिक्षा अभियान, रमसा के तहत काम करते अध्यापकों, लैब अटैंडेंटों की शिक्षा विभाग में सेवाएं नियमित न किए जाने का विरोध किया गया।
इससे पहले गुस्साए अध्यापकों ने बस स्टैंड के पास नेहरू पार्क में बैठक की। इस मौके पर अध्यापकों पर डाले झूठे पर्चे रद करने की भी मांग की गई।
यूनियन के जिला प्रधान अतिंदरपाल घग्गा, जिला महासचिव भरत कुमार ने कहा कि सरकार की ओर स बेशक 27 हजार मुलाजिमों को रेगुलर करने का बिल विधानसभा में पास किया गया था। इसे चुनाव आचार संहिता लगने से पहले-पहले जानबूझ कर अमली जामा नहीं पहनाया जा रहा है।
इसका यूनियन सख्त विरोध करती है और इसका खामियाजा सरकार को आने वाले विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर विधानसभा चुनाव में सरकार के बायकाट का ऐलान किया गया। इसके साथ फैसला लिया गया कि सरकार की लोक विरोधी नीतियों के खिलाफ पूरे पंजाब में लोगों को जागरूक किया जाएगा।